Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 22 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने तोड़ी निर्माणाधीन बाउंड्री

मथुरा: थाना हाईवे क्षेत्र की सतोहा चौकी अंतर्गत सगरपुर मौजा में ग्राम समाज की बंजर भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खसरा नंबर 187 की करीब 750 बीघा ग्राम समाज की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा था, जिसके विरोध में लोगों ने निर्माणाधीन बाउंड्री को तोड़ दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम समाज के नाम दर्ज भूमि पर करीब 60 गज हिस्से में बाउंड्रीवाल बनाई जा रही थी। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माणाधीन दीवार को ध्वस्त कर दिया। घटना के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित भूमि ग्राम समाज की है और उसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी प्रशासन को इसकी सूचना दी थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

वहीं, एक स्थानीय युवक ने आरोप लगाया कि कब्जे का विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है। पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राजस्व विभाग से मांग की है कि खसरा नंबर 187 की भूमि की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराई जाए तथा यदि जमीन ग्राम समाज की पाई जाती है तो अवैध कब्जा हटाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Previous News

रंगजी मंदिर मार्ग पर टला बड़ा हादसा, ABHI NEWS की खबर के बाद बदला गया हाईटेंशन बिजली पोल

Next News

वृंदावन में राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने रक्तदान कर मनाया चौथा स्थापना दिवस