Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 22 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
रंगजी मंदिर मार्ग पर टला बड़ा हादसा, ABHI NEWS की खबर के बाद बदला गया हाईटेंशन बिजली पोल

वृंदावन (मथुरा): धर्मनगरी वृंदावन के रंगजी मंदिर मार्ग पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का जर्जर खंभा बड़ा हादसा बन सकता था, लेकिन समय रहते विद्युत विभाग की कार्रवाई से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिल गई। यह कार्रवाई ABHI NEWS द्वारा खबर प्रमुखता से प्रसारित किए जाने के बाद की गई।

रंगजी मंदिर मार्ग पर लगा हाईटेंशन बिजली का पोल अपने मुख्य आधार से टूटकर टेढ़ा हो चुका था। व्यस्त धार्मिक मार्ग होने के कारण यहां हर समय हजारों श्रद्धालु, स्थानीय निवासी और वाहन गुजरते हैं। पोल के झुकने से बिजली के तार आपस में टकरा रहे थे, जिससे कभी भी शॉर्ट सर्किट या करंट फैलने जैसी गंभीर घटना हो सकती थी।

इस गंभीर समस्या को ABHI NEWS के संवाददाता राहुल ठाकुर ने प्रमुखता से उजागर किया। खबर प्रसारित होने के बाद विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और मौके का निरीक्षण कराया।

विद्युत विभाग के एसडीओ संदीप वार्ष्णेय ने बताया कि करीब तीन दिन पहले बंदरों के उत्पात के कारण बिजली का पोल अपनी स्थिति से हिल गया था। इसके चलते खंभा अत्यधिक झुक गया और हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकराने लगे थे। विभाग ने खतरे को देखते हुए बीती रात ही क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर उसकी जगह नया पोल स्थापित कर दिया।

उन्होंने बताया कि नए पोल पर विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य भी पूरा किया जा रहा है, जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रहेगी। विभाग की त्वरित कार्रवाई से रंगजी मंदिर मार्ग पर मंडरा रहा करंट और शॉर्ट सर्किट का बड़ा खतरा टल गया है।

स्थानीय व्यापारियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने समय पर कार्रवाई के लिए विद्युत विभाग तथा मुद्दे को उठाने पर ABHI NEWS का आभार व्यक्त किया।

Previous News

आकाश सिम्स हॉस्पिटल में लगा नि:शुल्क किडनी रोग हेल्थ कैम्प

Next News

ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने तोड़ी निर्माणाधीन बाउंड्री