मथुरा: शहर के चौबिया पाड़ा क्षेत्र में एक बार फिर पेयजल पाइप लाइन लीकेज के चलते कई मकानों में गहरी दरारें पड़ गई हैं। तुलसी चबूतरा घाटी के ऊपर बने मकानों में लगातार बढ़ रही दरारों से स्थानीय परिवार दहशत के साये में रातें गुजारने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से कभी पानी की पाइप लाइन में रिसाव तो कभी जर्जर सीवर लाइन के कारण मकानों की नींव कमजोर होती रही है। इस बार भी दरारें इतनी तेजी से बढ़ रही हैं कि हर 5 से 10 घंटे में लगभग आधा इंच तक चौड़ी हो रही हैं।
शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि पेयजल आपूर्ति की पुरानी पाइप लाइन कई स्थानों से फटी हुई है और कई फेरूल कनेक्शन भी टूट चुके हैं, जिससे पानी लगातार गली और मकानों की नींव में रिस रहा है। इसी रिसाव को मकान फटने का मुख्य कारण माना जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और जलकल विभाग से तत्काल लीकेज ठीक कराने तथा प्रभावित मकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं हुआ तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।