हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब वाशिंग लाइन में खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के नीचे करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। ट्रेन देहरादून से मेंटेनेंस और सफाई के लिए आई थी, तभी रेल कर्मचारियों ने अजगर को कोच के नीचे रेंगते हुए देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस दौरान किसी यात्री या कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वंदे भारत सेवा भी सुरक्षित रूप से संचालित की गई।
वन अधिकारियों के अनुसार हरिद्वार रेलवे स्टेशन राजाजी नेशनल पार्क के करीब स्थित है, इसलिए मानसून के दौरान वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ जाती है। रेलवे ने घटना के बाद स्टेशन परिसर और वाशिंग लाइन क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।