पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास एक होटल में करीब सुबह 4 बजे भीषण आग लग गई। होटल में सावन के आखिरी सोमवार के चलते बड़ी संख्या में तीर्थयात्री ठहरे हुए थे।
आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग उस वक्त सो रहे थे और कमरों में फंस गए। हादसे में अब तक कम से कम 7 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में तीर्थयात्री शामिल हैं।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आग के वास्तविक कारण की जांच जारी है।
हादसे के बाद होटल और तीर्थस्थल क्षेत्र में फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।