मथुरा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड और कूटरचित आधार कार्ड के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 09 कूटरचित आधार कार्ड की छायाप्रति, 76 फर्जी सिम कार्ड, 08 मोबाइल फोन और एक बोलेरो कार बरामद की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक गिरोह फर्जी पहचान पत्र और सिम कार्ड के जरिए ऑनलाइन साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और एसओजी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निसार पुत्र अली मोहम्मद निवासी घटिया नीचे मोहल्ला, थाना कांमा, जनपद डीग राजस्थान, खालिद पुत्र जौले निवासी पोकर के पास, थाना शेरगढ़ मथुरा, इसरार पुत्र नसर निवासी लोटी मोहल्ला थाना शेरगढ़ मथुरा, तालीम पुत्र उमर निवासी खैरोज मोहल्ला थाना शेरगढ़ मथुरा और तौफीक पुत्र आशु निवासी बड़ी तकिया के सामने थाना शेरगढ़ मथुरा के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को धोखे में रखकर उनके नाम से फर्जी तरीके से सिम कार्ड निकलवाते थे। इसके बाद इन सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर अपराध और ठगी की घटनाओं में किया जाता था। इतना ही नहीं, गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया से लोगों की फोटो और मोबाइल नंबर हासिल कर उनका दुरुपयोग भी करते थे।
आरोपियों द्वारा फर्जी सिम कार्ड के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जाने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और फर्जी आधार कार्ड की छायाप्रतियों की जांच कर गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया है, कितने फर्जी सिम कार्ड जारी करवाए गए और इस पूरे नेटवर्क में इनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद फर्जी सिम और कूटरचित आधार कार्ड के जरिए साइबर अपराध को अंजाम देने वाले गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराध से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।