मथुरा। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में संयुक्त पूर्व सैनिक मोर्चा के तत्वावधान में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों ने शहीद सैनिक स्मारक पर पहुंचकर देश के अमर शहीदों और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल पाठक, प्रभारी ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक मथुरा, खेमचन्द्र शर्मा, कोऑर्डिनेटर पूर्व सैनिक संघ उत्तर प्रदेश, कार्यालय के वरिष्ठ मनोज कुलश्रेष्ठ, श्याम बाबू सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां मौजूद रहीं। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अमर शहीदों की जय के जयघोष लगाए। राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा योद्धा चौक होते हुए ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक मथुरा पहुंची, जहां वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।