मथुरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को राजकीय संग्रहालय में संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, देश के विभाजन की त्रासदी और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत “भारत का विभाजन एक त्रासदी” विषय पर विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में भारत विभाजन के दौरान घटित घटनाओं, विस्थापन, पीड़ा और उससे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी देखने पहुंचे आगंतुकों और प्रतिभागियों ने इसमें विशेष रुचि दिखाई और विभाजन के इतिहास को समझने का प्रयास किया।
इसके साथ ही “आजादी के रंग, रंगोली के संग” विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता आंदोलन की थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रंगोली प्रतियोगिता में संग्रहालय की सहायक निदेशक डॉ. प्रतिभा द्विवेदी द्वारा पुलिस मॉडर्न पब्लिक स्कूल को प्रथम, रामलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल को द्वितीय और एकता बाल मंदिर स्कूल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए तीन सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों और संग्रहालय कर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का माहौल देखने को मिला।