मथुरा के कोतवाली रोड पर उस वक्त फिल्म ‘गदर’ जैसा नजारा देखने को मिला, जब आपस में झगड़ रहे कुछ लोग एक साइकिल की दुकान में जा घुसे। देखते ही देखते सड़क पर चल रहा विवाद अरोड़ा साइकिल स्टोर के अंदर तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात लोग आपस में झगड़ते हुए दुकान के अंदर घुस गए। दुकान के अंदर विवाद बढ़ता देख दुकानदार ने दोनों पक्षों को अलग कराने का प्रयास किया, लेकिन जब झगड़ रहे लोग शांत नहीं हुए तो दुकानदार ने कुछ ऐसा किया कि पूरा माहौल ही बदल गया।
दुकानदार ने दुकान के बाहर लगा बांस निकालकर फिल्म ‘गदर’ के तारा सिंह की तरह जोरदार दहाड़ लगाई। सरदार की दमदार आवाज सुनते ही झगड़ रहे दोनों पक्षों में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्ष काफी देर से एक-दूसरे से झगड़ रहे थे और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे, लेकिन दुकानदार की एक जोरदार आवाज ने पूरे विवाद को कुछ ही पल में शांत कर दिया।
घटना के बाद यह पूरा वाकया इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और झगड़े की असली वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।