मथुरा में आजादी के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। गुरुवार को शहर में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा का समापन डैंपियर नगर स्थित प्रांजल प्रेक्षागृह में आयोजित तिरंगा महोत्सव के साथ हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
तिरंगा महोत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी, स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता और ब्रज कला केंद्र की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मथुरा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश और मांट विधायक राजेश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि आजादी के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तिरंगा महोत्सव के साथ तिरंगा यात्रा का भी भव्य समापन हुआ है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में सभी सरकारी विभागों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया।