बरसाना। भारत माता की जय के जयकारों और देशभक्ति के तरानों से बरसाना का कस्बा गूंज उठा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम जोश और उल्लास के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों कार्यकर्ताओं, गुरुकुल के छात्रों और मातृशक्ति ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया।
कस्बे के लोक निर्माण विभाग अतिथि भवन से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ और ‘मेरी शान तिरंगा है’ जैसे देशभक्ति के गीतों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। सैकड़ों तिरंगे झंडों से बरसाना का बाजार आकर्षक नजर आया और यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
महारे प्यारों गेट पर जेसीबी से पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया, जो श्रद्धालुओं और राहगीरों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं बांस मोहल्ला में वार्ड सभासद स्नेहलता ने परिवार सहित पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार, बांस मोहल्ला, सब्जी मंडी, रंगीली चौक और पुराना अड्डा होते हुए वापस लोक निर्माण विभाग अतिथि भवन पहुंची।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।
जिला मंत्री रनवीर ठाकुर ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी को देश की आजादी और उसके गौरव से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से देशप्रेम और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का आह्वान किया।