मथुरा। श्री बाबा जाहरवीर बाबा कमेटी की बैठक एवं कार्ड विमोचन कार्यक्रम बुधवार को एक स्थानीय होटल में आयोजित किया गया। बैठक में आगामी छड़ी मेले की तैयारियों और कार्यक्रम को भव्य एवं भक्तिमय बनाने को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक ओमप्रकाश भगत एवं सह-संस्थापक राजाराम गर्ग ने की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित कराने की अपील की।
संस्था के अध्यक्ष ऋषि गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा जाहरवीर का छड़ी मेला 20 और 21 अगस्त को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। 20 अगस्त को रावलिया गली से सैकड़ों मातृशक्तियों की सहभागिता के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो बाबा के मंदिर तक पहुंचेगी और इसके साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
इसके बाद दोपहर 3 बजे छल्ला मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा कच्ची सड़क, मंडी रामदास, डीग गेट और अग्रसेन चौराहा होते हुए चित्रकूट मसानी पहुंचेगी। शोभायात्रा में मधुर बैंड, आकर्षक झांकियां और बाबा का डोला मुख्य आकर्षण रहेंगे।
वहीं, 21 अगस्त को चित्रकूट मसानी पर भव्य भजन संध्या, छप्पन भोग और प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में टी-सीरीज के सुप्रसिद्ध भजन गायक पंडित राम अवतार शर्मा अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।