वृंदावन। धार्मिक नगरी वृंदावन बुधवार को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर के प्रमुख चुंगी चौराहा से हुआ। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई शक्कर सिंधी धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के मार्ग में स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करना तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेना है।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।