कोसीकलां। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान एवं भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय के निर्देशन में बुधवार को भाजपा कोसीकलां मंडल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं नगरवासियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान कर दिया।
यात्रा संयोजक कमल किशोर वार्ष्णेय एवं मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन की अध्यक्षता में तिरंगा यात्रा गांधी पार्क से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा घंटाघर चौराहा, बलदेवगंज, मुख्य बाजार एवं थाना रोड होते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने जल सेवा के माध्यम से भी सहभागिता निभाई।
यात्रा में कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण सेठ, सीमा रानी सेठ, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भगवत रूहेला, पूर्व भाजपा अध्यक्ष महेश शर्मा, इन्द्रपाल धनगर, विनय उपाध्याय, कल्पेश जैन और पवन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
थाना रोड पर समाजसेवी अजय वार्ष्णेय, वेद शर्मा एवं अजय ठाकुर ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं जल सेवा कर यात्रा के प्रति अपना उत्साह और सम्मान प्रकट किया।