मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर देर रात पुलिस और 118 मुकदमों में वांछित शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पश्चिम बंगाल से दिल्ली ले जाए जा रहे कुख्यात बदमाश वसीम अकरम उर्फ लंबू ने पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
बताया गया कि कटैलिया गांव के पास वसीम ने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मी जब उसे वाहन से नीचे उतारकर ले जाने लगे, तभी उसने मौका पाकर एक सिपाही की सर्विस पिस्टल झपट ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
बदमाश की फायरिंग में दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर अजय कुमार की बाजू में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली बदमाश वसीम अकरम के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल दरोगा और बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मथुरा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम वसीम अकरम उर्फ लंबू को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जा रही थी। इसी दौरान अभियुक्त ने सिपाही की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। फायरिंग में एक उपनिरीक्षक घायल हुए हैं, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया अभियुक्त 118 मुकदमों में वांछित है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।