500 छात्राएं सैनिक वेशभूषा में हुईं शामिल, 1 लाख 11 हजार 11 राखियां जवानों को समर्पित करने का संकल्प
मथुरा। वृंदावन में सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य राष्ट्र रक्षा सूत्र आह्वान एवं संकल्प रैली निकाली गई। दीदी मां साध्वी ऋतंभरा के पावन संकल्प ‘राष्ट्र रक्षा सूत्र बंधन यात्रा’ के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत वर्ष के तहत आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में छात्राओं और स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना रहा। अभियान के तहत इस वर्ष देश की सीमाओं और विभिन्न स्थानों पर तैनात जवानों के लिए 1 लाख 11 हजार 11 राखियां समर्पित करने का संकल्प लिया गया है।
राष्ट्र रक्षा सूत्र संकल्प रैली का शुभारंभ संविद् गुरुकुलम् गर्ल्स सैनिक स्कूल के मुख्य द्वार से हुआ। रैली में विद्यालय की करीब 500 छात्राएं सैनिक वेशभूषा में शामिल हुईं।
छात्राओं के हाथों में रक्षा सूत्र और देशभक्ति से जुड़ी तख्तियां थीं। रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी उद्घोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
रैली के मार्ग में स्थानीय निवासियों ने छात्राओं और प्रतिभागियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए रंगजी मंदिर पहुंची, जहां इसका भव्य समापन किया गया।
आयोजकों ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। रक्षा सूत्र के माध्यम से जवानों तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
विद्यालय प्रबंधन ने आमजन और सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रव्यापी अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया है।
आयोजकों के अनुसार इच्छुक लोग अपनी राखियां 20 अगस्त तक संविद् गुरुकुलम् में जमा करा सकते हैं। इन राखियों को देश के विभिन्न स्थानों पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचाकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा जाएगा।
रैली के माध्यम से राष्ट्र रक्षा, सैनिक सम्मान और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।