Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 11 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
हिमाचल में चलती कार पर अचानक गिरा पहाड़, पत्थर-मलबे में दबा वाहन - 2 लोग घायल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी में मंगलवार सुबह एक खौफनाक हादसा सामने आया। NH-305 पर पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर और मलबा सड़क से गुजर रही एक कार के ऊपर आ गिरा। मलबा गिरते ही पूरी गाड़ी पत्थरों के नीचे दब गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड में चलती गाड़ी पर पहाड़ से मलबा गिरता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि हादसा किरण बाजार और बराड़ के बीच करीब सुबह 10:30 बजे हुआ। जिस वक्त पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरा, उस समय वाहन में दो लोग सवार थे। दोनों लोग हादसे में घायल हो गए।

मलबा गिरने के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया गया।

एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति के चलते रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दूसरे घायल का भी उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।

स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक किरण बाजार के ऊपर कोर्ट रोड, सरकारी आवासों, रिहायशी मकानों और सरकारी कार्यालयों से निकलने वाले बारिश के पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण पानी पहाड़ी की ओर बह रहा है।

आशंका है कि यही पानी अपने साथ मिट्टी, पत्थर और मलबा लेकर नीचे NH-305 तक पहुंच रहा है, जिससे सड़क पर लगातार खतरा बना हुआ है।

इसी इलाके में मंगलवार सुबह पहाड़ी से पत्थर गिरने की एक अन्य घटना भी सामने आई, जिसमें एक महिला बाल-बाल बची। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने NH-305 से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

अब प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि पहाड़ी से गिरने वाले पत्थर और मलबे की वजह से कोई बड़ा हादसा न हो।

फिलहाल हादसे में दोनों घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन की ओर से घटनास्थल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Previous News

IPL स्टार अभिषेक पोरेल गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने का आरोप

Next News

फाइटर जेट से मिसाइल तक... चीन के हाथ में अमेरिका की मिलिट्री सप्लाई की ‘चाबी’?