वृंदावन के वार्ड संख्या 62 में टूटी नालियों और जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। गंज मोहल्ला, पुरानी बिजली कंपनी और बस स्टैंड के समीप टूटी नालियों से बह रहे गंदे पानी और बदबू के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियां क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालात यह हैं कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
समस्या से परेशान और आक्रोशित वार्डवासी वृंदावन जोन स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों ने अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर टूटी नालियों और जलभराव की समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।