Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 11 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जन्मस्थान के सामने कूड़े का अंबार देख भड़के नगर आयुक्त, दुकानदारों पर लगाया 5 हजार का जुर्माना

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को लेकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने की संभावना के बीच नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा है।

इसी व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए नगर आयुक्त ओजस्वी राज सोमवार देर रात करीब 11 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास औचक निरीक्षण करने पहुंचे। लेकिन जन्मस्थान के ठीक सामने दुकानों के आसपास कूड़े का अंबार और गंदगी का ढेर देखकर नगर आयुक्त नाराज हो गए।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा पड़ा मिला। जन्माष्टमी जैसे बड़े धार्मिक पर्व से ठीक पहले प्रमुख धार्मिक स्थल के आसपास गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।

गंदगी देख दुकानदारों पर कार्रवाई

नगर आयुक्त की नाराजगी के बाद नगर निगम की टीम ने गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। टीम ने मौके पर कुल 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

इसके साथ ही दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने या दुकान के बाहर गंदगी रखने पर आगे भी जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी।

जन्माष्टमी पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचेंगे। ऐसे में श्रीकृष्ण जन्मस्थान समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से भी नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की और कहा कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डाला जाए।

रात-दिन शहर की निगरानी

जन्माष्टमी को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों और सफाई टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है और लगातार दिन-रात निरीक्षण किया जा रहा है।

नगर आयुक्त के इस औचक निरीक्षण और कार्रवाई के बाद जन्मस्थान क्षेत्र के दुकानदारों में भी हड़कंप मचा रहा।

अब देखना होगा कि जन्माष्टमी तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान और आसपास के बाजारों की सफाई व्यवस्था कितनी बेहतर होती है, और क्या नगर निगम की सख्ती के बाद व्यापारी भी स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।

Previous News

16 साल से सड़क-नाली की समस्या झेल रहे कॉलोनीवासी, संभव दिवस में नगर निगम से लगाई गुहार

Next News

जन्माष्टमी से पहले नगर निगम का बुलडोजर एक्शन, सौंख रोड से हटाया अतिक्रमण