Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 11 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
16 साल से सड़क-नाली की समस्या झेल रहे कॉलोनीवासी, संभव दिवस में नगर निगम से लगाई गुहार

मथुरा शहर के वार्ड संख्या 24 के देवीपुरा क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी की समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों का आक्रोश सामने आया है। करीब 16 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान स्थानीय लोगों ने मंगलवार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम कार्यालय पहुंचकर संभव दिवस में अपनी शिकायत दर्ज कराई और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़कें बदहाल हैं, नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं है और जल निकासी की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

स्थानीय निवासी श्रीजी शर्मा ने बताया कि कॉलोनी की गलियों और सड़कों की हालत बेहद खराब है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी रास्तों में जमा हो जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है।

वहीं नालियों की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल जाता है। जगह-जगह कचरा जमा होने से क्षेत्र में गंदगी का माहौल बना रहता है और स्थानीय लोगों को बीमारियों के फैलने का खतरा भी सता रहा है।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि समस्या को लेकर पूर्व में भी नगर निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद धरातल पर स्थायी समाधान नहीं हुआ।

संभव दिवस में नगर आयुक्त से लगाई गुहार

लगातार समस्या झेल रहे कॉलोनीवासियों ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर संभव दिवस में अपनी शिकायत दर्ज कराई। लोगों ने नगर आयुक्त से मांग की है कि क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और वास्तविक स्थिति को देखते हुए सड़क तथा नाली निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क, नाली और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है।

अब देखना होगा कि 16 वर्षों से समस्या झेल रहे देवीपुरा के लोगों की फरियाद नगर निगम कब सुनता है, और क्या संभव दिवस में की गई शिकायत के बाद इस क्षेत्र की बदहाल सड़क और जल निकासी व्यवस्था में वास्तव में सुधार देखने को मिलेगा।

Previous News

कान्हा की नगरी में शराब का ‘खेला’! तय समय के बाद भी धड़ल्ले से बिक रही शराब, प्रशासन बेखबर?

Next News

जन्मस्थान के सामने कूड़े का अंबार देख भड़के नगर आयुक्त, दुकानदारों पर लगाया 5 हजार का जुर्माना