बागपत। पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने को लेकर चल रहा विवाद इतना बढ़ गया कि भाजपा नेता के बेटे नीरज ने आत्महत्या कर ली। घटना बागपत कोतवाली क्षेत्र के देशराज मोहल्ले की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नीरज की करीब तीन साल पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और कुछ समय से मायके में रह रही थी। नीरज लगातार पत्नी को वापस घर लाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह वापस आने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक, पत्नी को मनाने की आखिरी कोशिश के दौरान नीरज ने फोन पर कहा था—“मैंने तुझे आज तक एक थप्पड़ नहीं मारा।” इसके बावजूद पत्नी के वापस न आने से वह बेहद परेशान हो गया। इसके बाद उसने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही पति-पत्नी के विवाद की पूरी वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।