मथुरा। सोमवार को वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना स्टेशन मास्टर द्वारा आरपीएफ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से मथुरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए एंबुलेंस चालक सत्येंद्र ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन के समीप एक महिला ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गई है। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
प्रथम दृष्टया महिला के मानसिक रूप से परेशान होने की आशंका जताई जा रही है और बताया जा रहा है कि वह अक्सर आसपास के क्षेत्र में इधर-उधर घूमती रहती थी। हालांकि, महिला की पहचान और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।