मथुरा। यमुना नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर नौका संचालन स्थगित करने के आदेश दिए हैं। इसका असर सोमवार सुबह से ही देखने को मिला, जब नाविकों ने यमुना में नाव और स्टीमर का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया।
प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घाटों के आसपास लाउडस्पीकर से मुनादी कराई। मुनादी के जरिए नाविकों और श्रद्धालुओं को यमुना में नाव या स्टीमर का संचालन नहीं करने की चेतावनी दी गई। साथ ही जिलाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई।
यमुना के बढ़ते जलस्तर और नौका संचालन पर रोक का असर श्रद्धालुओं के पारंपरिक चुनरी महोत्सव पर भी देखने को मिला। गुजरात से आए श्रद्धालुओं ने इस बार यमुना में चुनरी चढ़ाने के बजाय घाट पर ही यमुना पूजन किया।
श्रद्धालुओं के तीर्थ पुरोहितों ने भी प्रशासन के आदेश का पालन करने की बात कही। उनका कहना था कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन द्वारा लिया गया निर्णय उचित है।
प्रशासन की ओर से लगातार यमुना के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। घाटों पर मुनादी के जरिए लोगों को सावधानी बरतने और यमुना के गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की जा रही है।