मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को लेकर सोमवार को स्वामी घाट स्थित सयमन तीर्थ स्थल पर श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में यमुना पूजन एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल, श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन की आगामी रणनीति और आगामी 14 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान आंदोलन को व्यापक स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को साथ जोड़ने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा हुई।'
बैठक के बारे में जानकारी देते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का विषय करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए समाज को एकजुट करते हुए स्पष्ट मांगों के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ने की आवश्यकता है।