मथुरा। पवित्र सावन माह के दूसरे सोमवार को मथुरा के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भगवान शिव के मंदिरों में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
शिवालयों में भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का पूजन किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते नजर आए। सावन सोमवार को लेकर मंदिरों में विशेष सजावट और पूजा-अर्चना की व्यवस्थाएं भी की गईं।
मान्यता है कि सावन के सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में दर्शन और पूजा के लिए पहुंचे।
देवों के देव महादेव की भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिरों के आसपास भी भक्तिमय माहौल बना रहा और पूरा ब्रज क्षेत्र शिवमय नजर आया।