मिलावट विरोधी अभियान के तहत मिठाई दुकानों और आटा मिलों पर छापेमारी, 6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
मथुरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोवर्धन, बरारी और रिफाइनरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 400 किलोग्राम अस्वच्छ पेड़ा नष्ट करा दिया। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से 6 खाद्य पदार्थों के नमूने भी लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने गोवर्धन क्षेत्र की आटा मिलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मैदा, सूजी (रवा), तंदूरी आटा, गेहूं के आटे और पेड़े के नमूने एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में लगभग 400 किलोग्राम पेड़ा अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर ही पूरे पेड़े को नष्ट करा दिया ताकि वह बाजार में न पहुंच सके।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान लिए गए सभी 6 नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावट और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।