मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शराब ठेका पर कार्यरत 35 वर्षीय सेल्समैन भारत पुत्र कुमरपाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भारत पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर अपनी मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान झंडा तिराहा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को पहले एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही भारत ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक भारत सुरीर क्षेत्र के एक शराब ठेका पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे और नगला जय सिंह गांव के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके।