मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पत्नी, बेटी और एक कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर अक्रूर के जंगलों में शव की तलाश शुरू की है। परिजनों का आरोप है कि तीनों ने मिलकर मनोज सोनी की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था और पुलिस की जांच जारी है।
मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में मनोज सोनी की संदिग्ध गुमशुदगी का मामला अब कथित हत्या में बदल गया है। मृतक के भाई रामबाबू का आरोप है कि मनोज अपनी पत्नी और बेटी के कथित अनैतिक संबंधों का विरोध करते थे। इसी रंजिश में पत्नी, बेटी और एक युवक विमल चौधरी ने मिलकर 18-19 अप्रैल की रात उनकी हत्या कर दी और शव को अक्रूर के जंगलों में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद 21 अप्रैल को पत्नी ने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन अगले ही दिन शिकायत वापस ले ली। बाद में 7 जून को वह घर पर ताला लगाकर बच्चों और कथित प्रेमी के साथ चली गई, जिससे परिजनों का शक और गहरा गया।
मनोज के भाई रामबाबू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद गोविंद नगर पुलिस ने मामले की जांच तेज की। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले आरोपी महिला अपने मायके पहुंची, जहां पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने पत्नी, बेटी और कथित प्रेमी विमल चौधरी को हिरासत में ले लिया।
गुरुवार को पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर अक्रूर के जंगलों में पहुंची, जहां उनके बताए स्थान पर शव की तलाश शुरू की गई। हालांकि हाल ही में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में पानी भर गया है, जिससे सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है। गुरुवार से शुक्रवार दोपहर तक लगातार तलाश के बावजूद शव बरामद नहीं हो सका।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी है। शव बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।