मथुरा। सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान द्वारा छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से गुरुवार देर शाम श्रीकृष्ण जन्मस्थान के समीप स्थित कार्यालय जगन्नाथ पुरी में सम्मान समारोह एवं बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष पंडित सोहनलाल शर्मा ने की।
बैठक का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ सदस्य की पुत्री एवं एलएलबी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्यपाल से तीन स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) प्राप्त करने वाली मोहिनी शर्मा को संस्थान की ओर से माला, पटका, दुशाला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने मोहिनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही 44वां विशाल मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, डेस्कटॉप कंप्यूटर, स्मार्टफोन सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले, सीबीएसई एवं अन्य बोर्डों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले, तथा उच्च शिक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले ब्राह्मण मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में नारायण प्रसाद शर्मा, दिलीप पांडे, जयगोपाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, दिवाकर आचार्य, पी.पी. शर्मा, मुकुट मणि सहित संस्थान के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।