Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 06 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बाउंड्रीवॉल करा रहे युवक से 4 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, मना करने पर जानलेवा हमला

मथुरा। छाता थाना क्षेत्र के शेरगढ़ रोड पर अपने प्लॉट की बाउंड्रीवॉल करा रहे एक व्यक्ति से कथित रूप से 4 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता कुंवर नरेंद्र सिंह के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई एवं सुरक्षा की मांग की।

मूल रूप से छाता क्षेत्र के लाडपुर निवासी डिगम्बर सिंह वर्तमान में हरियाणा के पलवल में रहते हैं। उन्होंने बताया कि शेरगढ़ रोड पर सरकारी अस्पताल के पास उनका एक प्लॉट है। बीती 31 जुलाई को वह प्लॉट पर बाउंड्रीवॉल कराने के लिए ईंटें उतरवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कई नामजद लोग अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए।

पीड़ित का आरोप है कि मौके पर पहुंचे लोगों ने गाली-गलौज करते हुए प्लॉट की बाउंड्रीवॉल कराने के बदले 4 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।

डिगम्बर सिंह का आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि उन्हें इससे पहले फोन पर धमकी दी जा चुकी है, जिसकी शिकायत उन्होंने स्थानीय थाने में की थी।

पीड़ित का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर वह RLD के वरिष्ठ नेता कुंवर नरेंद्र सिंह के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा। यहां उसने पूरे मामले की शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इसके साथ ही पीड़ित ने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों पर दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।

Previous News

चौक बाजार से चोरी हुई बुलेट का 6 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग, CCTV में कैद हुए संदिग्ध

Next News

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम अविनाश सिंह सख्त, डॉक्टरों-कर्मचारियों को दी चेतावनी