मथुरा। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ मथुरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना गोविंदनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के कब्जे से 320 ग्राम अल्प्राजोलम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त की रात करीब 12:40 बजे गोविंदनगर पुलिस टीम ने आशानगर कॉलोनी की ओर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफजाल पुत्र जमील, निवासी मनोहरपुरा, भरतपुर गेट, थाना कोतवाली, मथुरा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है।
पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 320 ग्राम अवैध अल्प्राजोलम बरामद हुआ। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना गोविंदनगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी NDPS एक्ट, उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड में मौजूदा मामले सहित आरोपी के खिलाफ कुल आठ मुकदमों का उल्लेख किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय वर्मा, बिरला मंदिर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल रामपाल, गौरव कुमार और मोहित कुमार शामिल रहे।