वृंदावन। रेतिया बाजार में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां संचालित सरस्वती शिशु मंदिर प्राथमिक विद्यालय के पास निर्माणाधीन मकान से सटी स्कूल की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय विद्यालय में बच्चे मौजूद थे। दीवार गिरने की तेज आवाज से बच्चों और स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के बिल्कुल पास कृष्णा गनेरी नामक व्यक्ति के मकान का निर्माण कार्य करीब एक साल से चल रहा है। वर्तमान में निर्माण स्थल पर बेसमेंट की खुदाई का काम किया जा रहा था। निर्माणाधीन हिस्से की दीवार स्कूल से सटी हुई बताई जा रही है।
गुरुवार सुबह से वृंदावन में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही थी। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश और बेसमेंट की खुदाई के बीच स्कूल की दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई। दीवार गिरते ही परिसर में तेज आवाज हुई, जिससे वहां मौजूद बच्चों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। गनीमत रही कि दीवार की चपेट में कोई बच्चा या स्कूल कर्मचारी नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
घटना ने स्कूलों के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।