मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अनाधिकृत कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने जेसीबी की मदद से कॉलोनियों में बनाई गई सड़क, लगाए गए बिजली के पोल और अन्य अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के सामने कोटवन-कोसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई। यहां करीब 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
दूसरी कार्रवाई जाब गांव के सामने नत्थूगांव रोड, मथुरा पर की गई, जहां करीब 4500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों कॉलोनियों में किए गए अवैध विकास कार्यों को जेसीबी से ध्वस्त कराया।
MVDA के सचिव आशीष सिंह के अनुसार, दोनों कॉलोनियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 के प्रावधानों के तहत पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी पारित किए गए थे।
निर्धारित समयावधि के भीतर अवैध निर्माण और विकास कार्य नहीं हटाए जाने पर प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क, बिजली के पोल समेत अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
MVDA की इस कार्रवाई से अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।