मथुरा। शहर की घनी आबादी वाले चौबिया पाड़ा क्षेत्र में एक जर्जर टेलीफोन खंभा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। दलपत खिड़की इलाके में लगा BSNL का पुराना खंभा एक तरफ बुरी तरह झुक गया है। खंभे पर लगी स्ट्रीट लाइट पास के एक मकान के AC पर टिकी हुई है, जिससे गली में रहने वाले लोगों के साथ यहां से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एक समय लैंडलाइन टेलीफोन के जरिए शहर के लगभग हर इलाके तक पहुंच रखने वाले भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की लैंडलाइन सेवाएं अब शहर में बेहद सीमित हो चुकी हैं, लेकिन वर्षों पहले लगाए गए कई पुराने टेलीफोन खंभे आज भी विभिन्न इलाकों में मौजूद हैं। इनमें से कुछ खंभों की जर्जर स्थिति स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही है।
शहर के कई हिस्सों में बिजली की लाइनों को भूमिगत किए जाने के बाद पुराने विद्युत पोल हटा दिए गए हैं। वहीं, टेलीफोन के पुराने खंभों पर विभिन्न निजी इंटरनेट कंपनियों की फाइबर केबलें भी लगी हुई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केबलों के बढ़ते बोझ और उचित रखरखाव के अभाव में पुराने खंभे कमजोर होते जा रहे हैं।
चौबिया पाड़े के दलपत खिड़की क्षेत्र में भी ऐसा ही खतरा सामने आया है। यहां टेलीफोन का खंभा काफी झुक चुका है और उस पर लगी स्ट्रीट लाइट एक मकान के AC पर टिकी हुई है। गली घनी आबादी वाली होने के कारण दिनभर लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में खंभा गिरने की स्थिति में गंभीर हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभाग को मामले का तत्काल संज्ञान लेकर जर्जर खंभे को हटाना या सुरक्षित करना चाहिए, ताकि किसी अनहोनी से पहले खतरे को टाला जा सके।