अयोध्या। राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम दरबार के दर्शन के लिए विशेष पास की व्यवस्था समाप्त कर दी है। अब श्रद्धालुओं को राम दरबार के दर्शन के लिए अलग से कोई पास या अतिरिक्त अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी।
नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु पहले सामान्य दर्शन कतार से रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे सीधे मंदिर की प्रथम मंजिल पर स्थापित राम दरबार के दर्शन के लिए जा सकेंगे। यानी सामान्य दर्शन करने वाला प्रत्येक श्रद्धालु अब राम दरबार के दर्शन भी कर सकेगा।
इससे पहले राम दरबार के दर्शन के लिए सीमित संख्या में विशेष पास जारी किए जाते थे। इस कारण सभी श्रद्धालुओं को राम दरबार के दर्शन का अवसर नहीं मिल पाता था। ट्रस्ट ने अब इस व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया है। इसका उद्देश्य दर्शन प्रक्रिया को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाना है।
हालांकि आरती दर्शन की पास व्यवस्था अलग है। मंगला, श्रृंगार और शयन आरती के लिए तत्काल पास की सुविधा शुरू की गई है, जिसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त किया जा सकता है।
राम दरबार में VIP पास सिस्टम खत्म, अब सामान्य कतार से होंगे दर्शन