मथुरा। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में बुधवार को जिला महिला चिकित्सालय मथुरा में कन्या जन्मोत्सव, अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मुख्य रूप से भाग लिया और महिलाओं एवं बच्चों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक तरीके से गोद भराई की गई। महिलाओं को मेवा-मिष्ठान, फल, दवाइयों की किट एवं अन्य खाद्य सामग्री से भरी टोकरी भेंट की गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को अपने और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा पौष्टिक आहार लेने के लिए जागरूक भी किया गया।
जिला महिला चिकित्सालय में हाल ही में जन्मी नवजात कन्याओं का सामूहिक जन्मोत्सव भी मनाया गया। नवजात बच्चियों और उनके परिजनों की मौजूदगी में केक काटकर बेटियों के जन्म की खुशियां साझा की गईं। इसके साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान की भावना के अनुरूप बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात बच्चियों और उनकी माताओं को प्रोत्साहित करने के साथ लोगों को यह संदेश देना भी है कि बेटी का जन्म परिवार के लिए खुशी और गर्व का अवसर है।
इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार पूर्वानी, चीफ मेट्रन हेमलता, डॉ. सचिन सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।