वृंदावन। गौरीगोपाल आश्रम के एक सुरक्षाकर्मी पर ई-रिक्शा चालक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। महोली रोड मथुरा निवासी ई-रिक्शा चालक भगवती प्रसाद पुत्र रम्मू ने आरोप लगाया है कि सुरक्षाकर्मी ने उस पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसके सिर पर चोट आई और हाथ फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित ने वृंदावन कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित भगवती प्रसाद के मुताबिक, सोमवार रात वह सवारियों को अनिरुद्धाचार्य महाराज के आश्रम छोड़ने गया था। सवारियों को उतारने के बाद जब वह वापस लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी वहां तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने उससे तत्काल ई-रिक्शा हटाने के लिए कहा। भगवती प्रसाद का कहना है कि उसने सामने मौजूद यात्रियों के हटते ही रिक्शा आगे बढ़ाने की बात कही।
आरोप है कि इसी बात को लेकर सुरक्षाकर्मी नाराज हो गया और उसने ई-रिक्शा चालक पर डंडे से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और हाथ फ्रैक्चर हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और चालक को बचाया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद सुरक्षाकर्मी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और अपने रसूख का हवाला देते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हालांकि, ये सभी आरोप पीड़ित की शिकायत पर आधारित हैं और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।
भगवती प्रसाद ने वृंदावन कोतवाली पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।