लखनऊ। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की महत्वपूर्ण IMLC योजना के तहत नए भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया को तेज करने के लिए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी ने पिकअप भवन स्थित यूपीडा मुख्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में योजना के तहत विभिन्न जनपदों में भूखंड आवंटन की मौजूदा स्थिति और अब तक हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान ACEO शशांक चौधरी ने अधिकारियों से जनपदवार भूखंडों के आवंटन की जानकारी ली। इसके साथ ही आवंटन प्रक्रिया में सामने आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि आवंटन के रास्ते में आ रही बाधाओं की पहचान कर उनका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर आगे बढ़ सके।
शशांक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय मजबूत करने और आवंटन से जुड़ी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में यूपीडा की सहभागिता को और बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करना होगा। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर प्रगति की लगातार समीक्षा और समस्याओं का त्वरित समाधान जरूरी है।
IMLC योजना के अंतर्गत नए भूखंडों के आवंटन को गति मिलने से संबंधित क्षेत्रों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को आवंटन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में कंसल्टेंट कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ यूपीडा के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जनपदवार प्रगति के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई और अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।