Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 04 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
यूपी विधानसभा में ‘चंदा चोर’ के नारों पर मचा घमासान, सपा पर भड़के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के विधायक सदन के भीतर नारेबाजी करते हुए सरकार को घेरने लगे। इसके जवाब में भाजपा विधायकों ने भी सपा के खिलाफ नारे लगाए। हंगामे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूरा प्रदेश विपक्ष के आचरण को देख रहा है। उन्होंने विपक्ष के व्यवहार को सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 59 हजार 19 करोड़ 54 लाख रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। बजट पेश किए जाने के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन में हंगामा और नारेबाजी करने लगे।

इस दौरान सपा विधायकों ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले को उठाया और भाजपा के खिलाफ नारे लगाए। इसके जवाब में भाजपा विधायकों ने भी समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। दोनों पक्षों की नारेबाजी से सदन का माहौल गरमा गया।

विपक्ष के हंगामे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार नियमों के तहत हर प्रस्ताव और मुद्दे पर चर्चा करने तथा विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और विपक्ष के आचरण को लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि सदन का समय प्रदेश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए है।

मुख्यमंत्री योगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष तय कार्यसूची और विधायी कार्यों में रुचि लेने के बजाय सदन का बहुमूल्य समय बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता विधानसभा की कार्यवाही और विपक्ष के व्यवहार को देख रही है।

वहीं अयोध्या के चढ़ावा चोरी मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि शुरुआती जांच में किसी साधु-संत की संलिप्तता सामने नहीं आई है और मामले में सामने आए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Previous News

हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकली शिवभक्त ने जन्मे जुड़वां बेटे, SSP ने रखा गणेश-कार्तिकेय नाम

Next News

मथुरा में खुले नाले में गिरे दो सांड, दो घंटे चला ‘ऑपरेशन रेस्क्यू’ - JCB और फायर ब्रिगेड ने बचाई जान