मथुरा। वृंदावन पुलिस ने संत पर कथित जानलेवा हमले के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 11:15 बजे गुरुकुल स्कूल वृंदावन के खाली मैदान से भगवानदास उर्फ भोला उर्फ प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी वर्तमान में वृंदावन परिक्रमा मार्ग के पास स्थित बाबा देवराहा जीव जन्तु धर्मार्थ आश्रम में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि भगवानदास समेत अन्य लोगों ने एक राय होकर स्वामी राम अखण्ड दास के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से लोहे के चिमटे, सरिया, रॉड, ईंट और लाठी-डंडों से हमला किया। बीच-बचाव के लिए आए विष्णुदास महाराज के साथ भी मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
शिकायत के आधार पर वृंदावन थाने में संबंधित BNS धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़ी दो ईंटें भी बरामद की गई हैं।
आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है, जबकि मामले में नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।