हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बिहगवां गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। एक किराना दुकान पर सामान उतारने आई DCM को बैक करते समय बिजली की मेन लाइन का तार वाहन में फंस गया। चालक ने जैसे ही वाहन आगे बढ़ाया, बिजली का पोल टूटकर सड़क से गुजर रही 14 वर्षीय छात्रा रागिनी के ऊपर जा गिरा। हादसे में कक्षा नौ की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरी किशोरी ने भागकर अपनी जान बचाई।
रागिनी घर से दुकान पर सामान लेने निकली थी। इसी दौरान वह हादसे की चपेट में आ गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।