आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष से परेशान होकर DCP सिटी कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास किया। महिला अपने साथ बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंची थी और उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका ससुर रिटायर्ड दरोगा है और ससुराल पक्ष के साथ उसका संपत्ति को लेकर न्यायालय में विवाद चल रहा है। महिला के मुताबिक 4 मई को वह न्यायालय जाने के लिए घर से निकली थी, तभी उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
महिला का आरोप है कि घटना का वीडियो उसकी बेटी ने मोबाइल से बनाया था। इसके बावजूद वह लगातार पुलिस के चक्कर लगा रही थी और कार्रवाई नहीं होने से परेशान थी।
इसी से क्षुब्ध होकर महिला DCP सिटी कार्यालय पहुंची और आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसके हाथ से माचिस छीनकर उसे सुरक्षित किया और बाद में DCP सिटी के समक्ष पेश किया।
DCP सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। महिला द्वारा लगाए गए मारपीट सहित अन्य आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।