Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 02 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ट्रैक्टर के लिए छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की, शराब पिलाकर पत्थरों से कुचला; CCTV से खुला ब्लाइंड मर्डर

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ट्रैक्टर के मालिकाना हक और पैसों को लेकर चल रहे विवाद में छोटे भाई द्वारा अपने बड़े भाई की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले भाई को शराब पिलाई और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर सीमेंट के पत्थरों से हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया।

घटना मसूरी थाना क्षेत्र की है। 26 जुलाई की सुबह आध्यात्मिक नगर में PWD कार्यालय के पास झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे और उसके सीने पर भारी सीमेंट का पत्थर रखा मिला। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान 42 वर्षीय मोनू सिंह के रूप में हुई।

जांच में पुलिस को मृतक के छोटे भाई सुखवीर सिंह पर शक हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने फरवरी 2026 में दो लाख रुपये की डाउन पेमेंट और करीब 5.20 लाख रुपये का लोन लेकर सोनालिका 750 ट्रैक्टर खरीदा था। ट्रैक्टर मोनू के नाम पर पंजीकृत था, जबकि सुखवीर उसे अपने नाम कराना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था और परिवार में कई बार पंचायत भी हुई थी।

पुलिस का आरोप है कि 25 जुलाई को सुखवीर ने मोनू को गाजियाबाद बुलाया और उसके साथ शराब पी। इसके बाद वह उसे PWD कार्यालय के पास सुनसान जगह ले गया, जहां कथित तौर पर गड्ढे में गिराकर उसके सिर और सीने पर पत्थरों से कई वार किए। मौत के बाद शव झाड़ियों में डालकर उसके सीने पर भारी पत्थर रख दिया गया।

चार दिन तक यह मामला पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर बना रहा। CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची और सुखवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Previous News

कांवड़ खंडित होने पर भड़का गुस्सा, कांवड़ियों ने कार में की जमकर तोड़फोड़; पुलिस ने संभाले हालात

Next News

आगरा के जंगल में चल रही थी अवैध असलहा फैक्ट्री, पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा; तमंचे-पिस्टल और हथियार बनाने का सामान बरामद