Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 01 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
न दिल्ली पहुंचा, न घर लौटा रवि… एक महीने से भाई की तलाश में भटक रहा रामधनी - मथुरा से दिल्ली के लिए निकला रवि एक महीने से लापता

मथुरा। भाई के रिश्ते की डोर कितनी मजबूत होती है, इसकी एक भावुक तस्वीर मथुरा से सामने आई है। राजस्थान के धौलपुर से आया रामधनी पिछले करीब एक महीने से अपने लापता भाई रवि की तलाश में दर-दर भटक रहा है। रिश्तेदारों के घर से लेकर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पुलिस चौकियों तक तलाश करने के बावजूद रवि का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार शनिवार को रामधनी मथुरा के एसएसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस अधिकारियों से अपने भाई को तलाशने की गुहार लगाई।

रामधनी राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के छीतापुरा का रहने वाला है। पीड़ित के मुताबिक, 1 जुलाई को वह अपने भाई रवि के साथ मथुरा घूमने आया था। घूमने के बाद रवि को दिल्ली में अपनी नौकरी पर वापस जाना था। रामधनी ने उसे मथुरा के गोवर्धन चौराहे से दिल्ली जाने वाली बस में बैठाया, लेकिन इसके बाद रवि न तो दिल्ली पहुंचा और न ही वापस अपने गांव लौटा।

कई घंटे तक रवि से संपर्क नहीं होने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर खोजबीन की गई, लेकिन रवि के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

रामधनी का कहना है कि एक महीना बीत जाने के बावजूद उसके भाई का कोई सुराग नहीं लगा है। वह लगातार अलग-अलग थानों और पुलिस चौकियों के चक्कर काट रहा है। भाई की तलाश में परेशान रामधनी अब एक बार फिर मथुरा पहुंचा और एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर रवि को जल्द से जल्द तलाशने की मांग की।

पीड़ित भाई को अब पुलिस से उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज, बस रूट और अन्य संभावित माध्यमों से जांच कर रवि का पता लगाया जा सकेगा। परिवार भी रवि के सकुशल घर लौटने की आस लगाए बैठा है।

Previous News

श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा तो रद्द होगा नाविकों का रजिस्ट्रेशन, प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Next News

स्टेट यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए पुलिस मॉडर्न स्कूल के प्रिंस और अनामिका का चयन, प्रयागराज में दिखाएंगे दम