मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र में शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को राजवाहा से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, जरेलिया–सिकंदरपुर मार्ग स्थित जरारा पुलिया से करीब 100 मीटर दूर जरारा राजवाहा में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना सुरीर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। फिलहाल महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ ही महिला की पहचान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।