Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 31 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन में दर्दनाक हादसा: दो बसों के बीच दबकर महिला श्रद्धालु की मौत

ब्रज दर्शन के लिए मध्य प्रदेश से वृंदावन आई एक महिला श्रद्धालु की शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। चार धाम मंदिर के समीप पार्किंग क्षेत्र में दो बसों के बीच दबने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश निवासी लीलाबाई अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ धार्मिक यात्रा पर वृंदावन आई थीं। शुक्रवार शाम वह चार धाम मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी होकर अपने अन्य साथियों का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान वहां पहले से खड़ी एक बस के पास दूसरी बस आकर रुकी और उसका चालक बस को रिवर्स करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रिवर्स करते समय चालक ने पीछे खड़ी महिला को नहीं देखा, जिससे वह दोनों बसों के बीच बुरी तरह दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को रोकने के लिए शोर मचाया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका के साथ आए एक पड़ोसी ने आरोप लगाया कि बस चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था और उसकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 
 
Previous News

राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर मथुरा जंक्शन पर हाई अलर्ट, अंतिम समय में कार्यक्रम रद्द

Next News

जरारा राजवाहा में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस