मथुरा। भारतीय विद्यार्थी मोर्चा ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर अनुसूचित जाति उपयोजना (SCSP) और जनजातीय उपयोजना (TSP) के तहत स्थापित राजकीय मेडिकल कॉलेजों की विशेष प्रकृति और संवैधानिक संरक्षण बनाए रखने की मांग की है।
संगठन ने ज्ञापन में कहा कि अंबेडकरनगर, कन्नौज, जालौन और सहारनपुर में स्थापित इन मेडिकल कॉलेजों की स्थापना अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा सामाजिक न्याय के उद्देश्य से की गई थी।
भारतीय विद्यार्थी मोर्चा का कहना है कि इन संस्थानों की आरक्षण व्यवस्था और मूल उद्देश्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिससे संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
संगठन ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि राज्य सरकार को निर्देश देकर इन मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से जुड़े अभिलेखों, बजटीय स्वीकृतियों, SCSP/TSP निधि आवंटन और संबंधित सरकारी आदेशों की जांच कराई जाए। साथ ही इन संस्थानों की विशेष प्रकृति और संवैधानिक संरक्षण को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।