Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 28 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
रेल सुरक्षा बल की मानवीय पहल, बुजुर्ग महिला को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया

गुरु पूर्णिमा और मुड़िया मेले के दौरान मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच रेल सुरक्षा बल लगातार सुरक्षा और सहायता कार्यों में जुटा हुआ है। इसी दौरान रेल सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त ए.के. वर्मा ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए चलने-फिरने में असमर्थ एक बुजुर्ग महिला यात्री को स्वयं गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। उनकी इस संवेदनशील पहल की यात्रियों और परिजनों ने जमकर सराहना की।

गुरु पूर्णिमा और मुड़िया मेले के अवसर पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए रेल सुरक्षा बल की टीमें चौबीसों घंटे स्टेशन परिसर में तैनात हैं और जरूरतमंद यात्रियों की हरसंभव सहायता कर रही हैं।

इसी दौरान स्टेशन पर एक बुजुर्ग महिला यात्री चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ नजर आईं। प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी हो रही थी। हालात को देखते हुए रेल सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त ए.के. वर्मा स्वयं आगे आए और अन्य आरपीएफ जवानों के सहयोग से महिला को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

रेल सुरक्षा बल की इस त्वरित और मानवीय कार्यवाही से बुजुर्ग महिला और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने आरपीएफ और रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीड़भाड़ के बीच समय पर मिली यह मदद उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई।

रेल सुरक्षा बल का कहना है कि मेला अवधि के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और असहाय यात्रियों की सहायता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आरपीएफ की टीमें लगातार स्टेशन परिसर में मुस्तैदी के साथ तैनात हैं, ताकि हर जरूरतमंद यात्री को समय पर सहायता मिल सके।

Previous News

ग्रीन लेन निर्माण में संशोधन की मांग लेकर एमवीडीए पहुंचे यमुनापार के व्यापारी, सचिव ने दिया आश्वासन

Next News

विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जिला अस्पताल में जागरूकता अभियान, बचाव और समय पर जांच पर दिया गया जोर