Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 28 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ग्रीन लेन निर्माण में संशोधन की मांग लेकर एमवीडीए पहुंचे यमुनापार के व्यापारी, सचिव ने दिया आश्वासन

यमुनापार ग्रीन लेन प्रोजेक्ट को लेकर व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन, मुड़िया पूर्णिमा मेला समाप्त होने के बाद संशोधित योजना के साथ शुरू होगा निर्माण कार्य।

मथुरा के यमुनापार क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीन लेन निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने अपनी चिंताओं के साथ मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण यानी एमवीडीए का रुख किया। व्यापारियों ने वर्तमान डिज़ाइन में बदलाव की मांग करते हुए सचिव आशीष कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एमवीडीए सचिव ने व्यापारियों की समस्याएं सुनते हुए आवश्यक संशोधन का भरोसा दिलाया।

यमुनापार क्षेत्र को ग्रीन लेन प्रोजेक्ट के तहत विकसित किया जा रहा है। इसी परियोजना के निर्माण को लेकर सोमवार को स्थानीय व्यापारी एमवीडीए कार्यालय पहुंचे और सचिव आशीष कुमार को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान डिज़ाइन के अनुसार निर्माण होने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाएगी, जिससे आवागमन प्रभावित होगा और दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच भी कठिन हो जाएगी।

व्यापारियों ने मांग की कि ग्रीन लेन के डिज़ाइन में संशोधन किया जाए तथा आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रवेश और निकास मार्ग बनाए जाएं, ताकि व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों और आम लोगों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एमवीडीए सचिव आशीष कुमार ने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य में व्यापारियों और आमजन के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल निर्माण कार्य रोका गया है और गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेला संपन्न होने के बाद दोबारा शुरू किया जाएगा। उस समय व्यापारियों के सुझावों के आधार पर आवश्यक संशोधन भी किए जाएंगे।

एमवीडीए सचिव के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि ग्रीन लेन परियोजना का निर्माण जनहित और व्यापारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, ताकि विकास कार्य के साथ स्थानीय व्यापार और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।

Previous News

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर पर मथुरा में जश्न, आंदोलनकारियों ने बताया संघर्ष की जीत

Next News

रेल सुरक्षा बल की मानवीय पहल, बुजुर्ग महिला को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया