वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में काशी विश्वनाथ मंदिर तक वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। इसी परियोजना के तहत लंगड़ा हाफिज मस्जिद का वह हिस्सा हटाया जा रहा है जो प्रस्तावित सड़क की जद में आ रहा था। यह कार्रवाई प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच कई दौर की बातचीत और आपसी सहमति के बाद शुरू हुई है। मस्जिद कमेटी स्वयं मजदूरों के माध्यम से प्रभावित हिस्से को हटवा रही है।
दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत कुल छह मस्जिदें प्रभावित हुई थीं। इनमें से पांच मस्जिदों के प्रभावित हिस्से पहले ही संबंधित प्रबंधन समितियों द्वारा स्वयं हटाए जा चुके थे। अब अंतिम बची लंगड़ा हाफिज मस्जिद का हिस्सा भी सहमति से हटाया जा रहा है, जिससे परियोजना अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, इस पूरी परियोजना के लिए कुल 187 भवन चिन्हित किए गए थे। इनमें से अधिकांश भवन हटाए जा चुके हैं और अब केवल कुछ ही संरचनाओं पर कार्रवाई शेष है। प्रशासन का लक्ष्य है कि ध्वस्तीकरण और मलबा हटाने का काम पूरा होते ही सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाए।
परियोजना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशीलता को देखते हुए ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और आपसी सहमति के आधार पर की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
अधिकारियों के मुताबिक, सड़क चौड़ी होने के बाद दालमंडी क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही यातायात की समस्या में काफी राहत मिलेगी। नई सड़क के दोनों ओर फुटपाथ भी बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुंचने में सुविधा होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि परियोजना का शेष कार्य जल्द पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।